भारत के राजनीतिक मानचित्र का पुनर्निर्माण
Class 8 · Social Science Part 1 · 20 Questions
इस कालखंड में विदेशी आक्रमणों एवं नए राजवंशों के उदय ने भारत की राजनैतिक सीमाओं को किस प्रकार नया आकार दिया?
भारतीय समाज ने विदेशी आक्रमणों का सामना किस प्रकार किया? राजनैतिक अस्थिरता के वातावरण में भारतीय अर्थव्यवस्था ने किस प्रकार सामंजस्य स्थापित किया?
इस कालखंड ने लोगों के जीवन पर क्या प्रभाव डाला?
आपके विचार से उन दिनों सेना को बनाए रखने एवं युद्ध संचालन के लिए किन प्रकार के संसाधनों की आवश्यकता होती होगी? समूहों में विभिन्न प्रकार के व्ययों पर चर्चा करें, जैसे — हथियारों या सैनिकों के लिए भोजन से लेकर युद्ध में पशुओं का उपयोग, सड़क निर्माण इत्यादि।
हम प्रतिमा (इमेज) शब्द का प्रयोग क्यों करते हैं, जबकि सामान्यतः 'मूर्ति' या 'चिह्न' जैसे शब्द प्रचलित हैं? वास्तव में, ये दोनों शब्द — 'मूर्ति' या 'चिह्न' यहूदी, ईसाई एवं इस्लाम जैसे पंथों-मजहबों के संदर्भ में निंदनीय है क्योंकि इन पंथों की रूढ़िवादी शाखाएँ मूर्ति पूजा या चिह्नों की पूजा की निंदा करती हैं। भारतीय शास्त्रीय ग्रंथों में 'मूर्ति', 'विग्रह', 'प्रतिमा', 'रूप' जैसे शब्दों का उपयोग प्रायः मंदिरों या घरों में होने वाली पूजा में प्रयुक्त मूर्तियों के लिए किया जाता था।
तुगलक काल में, तेलुगु मुखियाओं, मुसुनुरी नायकों ने क्षेत्र के 75 से अधिक अन्य मुखियाओं को संगठित कर एक संघ बनाया। इस संघ ने छोटे राज्यों एवं दिल्ली सल्तनत की सेनाओं को पराजित किया तथा 1330–1336 के आस-पास वारंगल (वर्तमान तेलंगाना) से मुहम्मद बिन तुगलक की सेना को खदेड़ दिया। क्या आपको लगता है कि उस समय 75 मुखियाओं को एकजुट करना सरल कार्य रहा होगा?
आपको क्यों लगता है कि मध्यकाल में ऐसे स्थानों को दुर्गों के निर्माण के लिए चुना गया? इसके पक्ष-विपक्ष पर चर्चा कीजिए। (संकेत — रणनीति, सुरक्षा, भेद्यता इत्यादि विषयों पर विचार करें।)
क्या आपने 'गजपति' जैसे शीर्षकों में पति शब्द पर ध्यान दिया? पति का अर्थ है 'स्वामी' या 'प्रभु'। इस काल में कई राजवंशों द्वारा यह शक्ति तथा प्रतिष्ठा के संकेत के रूप में प्रयुक्त होता था। विजयनगर के राजाओं को 'नरपति', बहमनी सल्तनत के शासकों को 'अश्वपति' तथा मराठा शासकों को 'छत्रपति' कहा जाता था। प्रत्येक उपाधि राजत्व एवं शक्ति के विभिन्न पक्षों को दर्शाती है। क्या आप अनुमान लगा सकते हैं कि इन तीन उपाधियों का क्या अर्थ है?
भारत के विषय में बाबर के विचारों में आप क्या विशेष पाते हैं? समूहों में चर्चा करें।
आपके विचार में अकबर ने साम्राज्य विस्तार हेतु अलग-अलग रणनीतियाँ क्यों अपनाईं, जबकि दिल्ली के पहले शासक प्रायः केवल सैन्य शक्ति पर ही निर्भर थे?
हमने ऊपर देखा कि दिल्ली के सुल्तानों का औसत शासनकाल लगभग नौ वर्ष था। यह आँकड़ा मुग़ल सम्राटों के विषय में औरंगजेब तक 27 वर्ष का हो जाता है और यदि हम 19वीं शताब्दी में साम्राज्य के अंत तक के सभी मुग़ल शासकों को सम्मिलित करें तो 16 वर्ष सभी के शासनकाल का औसत था। शासन के वर्षों की इन संख्याओं से आप क्या निष्कर्ष निकालते हैं?
अपने दो पुत्रों को लिखे गए पत्रों में औरंगजेब ने लिखा है, "मैं अकेला आया था और अकेला जा रहा हूँ। मैं नहीं जानता कि मैं कौन हूँ और क्या कर रहा था... मैंने न देश के लिए और न ही लोगों के लिए अच्छा किया है। भविष्य के लिए भी मेरे पास कोई आशा नहीं है... मैं जीवनभर निराश रहा और दीन-हीन अवस्था में ही जा रहा हूँ।" ये शब्द उनके व्यक्तित्व के कौन-से पक्ष को उजागर करते हैं? आपको उनके बारे में कैसा महसूस होता है।
कक्षा में चर्चा करें कि 'पाइक' प्रणाली ने अहोम साम्राज्य में लोगों के दैनिक-जीवन को चुनौतियों एवं लाभों के संदर्भ में कैसे प्रभावित किया तथा कैसे राजाओं को सेना और अर्थव्यवस्था दोनों का प्रबंधन करने में सहायता की।
अहोमों ने असम की नदियों, पहाड़ियों और जंगलों का उपयोग अपने लाभ के लिए कैसे किया? क्या आप उन उपायों के बारे में सोच सकते हैं, जिनसे भूगोल ने उनकी रक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने और युद्ध लड़ने में सहायता प्रदान की?
आपको ऐसा क्यों लगता है कि गुरु तेग बहादुर ने धर्म परिवर्तन करने के स्थान पर यातनाएँ सहन कीं? उन्होंने क्यों सोचा कि उनका बलिदान कोई प्रभाव डालेगा? सिख गुरुओं एवं खालसा ने किन मूल्यों को अपनाया? वर्तमान विश्व में वे कैसे प्रासंगिक हैं?
कल्पना कीजिए कि आप अकबर या कृष्णदेवराय के दरबार में एक विद्वान हैं। अपने किसी मित्र को पत्र लिखकर वहाँ की राजनीति, व्यापार, संस्कृति और समाज का वर्णन कीजिए।
अकबर, जो अपनी युवावस्था में एक क्रूर विजेता था, कुछ वर्षों बाद कैसे सहिष्णु और दयालु हो गया? ऐसे परिवर्तन का क्या कारण हो सकता है?
यदि विजयनगर साम्राज्य तालीकोटा का युद्ध जीत जाता तो क्या होता? कल्पना कीजिए और दक्षिण भारत के राजनैतिक और सांस्कृतिक इतिहास पर उसके प्रभाव का वर्णन कीजिए।
प्रारंभिक सिख पंथ द्वारा प्रचारित अनेक मूल्य जैसे समानता, सेवा और न्याय आज भी प्रासंगिक हैं। इनमें से किसी एक मूल्य का चयन कीजिए और चर्चा कीजिए कि यह समकालीन समाज में कैसे प्रासंगिक है।
कल्पना कीजिए कि आप किसी बंदरगाह नगर (सूरत, कालीकट या हुगली) में एक व्यापारी हैं। वहाँ वस्तुओं, व्यापार करने वाले लोगों, जहाजों की आवा-जाही आदि के संबंध में आप जो दृश्य देखते हैं, उनका वर्णन कीजिए।